Thursday, August 11, 2016

कौशाम्बी

कौशाम्बी भारत वर्ष का एक अतिप्राचीन ऐतिहासिक नगर है जो तत्कालीन पंचमहानगरों यथा चम्पा,राजगृह,श्रावस्ती,साकेत,कौशाम्बी तथा वाराणसी में से प्रमुख नगर माना जाता है। वस्तुतः कौशाम्बी को बौद्ध धर्म के प्रमुख केन्द्र के रूप में व्यवस्थित किया गया था क्योंकि यहां पर भिक्षु एवम भिक्षुणियों के निवासस्थल बनवाये गए थे तथा घोषिताराम,कुक्कुटाराम पावारिकाम्बन प्रसिद्ध विहार भी बनवाये गए थे। इनका निर्माण यहां के सेठ घोषित.कुक्कुट तथा पावारिक द्वारा करवाये जाने के कारण ही इनका नामकरण इन्हीं के नाम से हुआ था।  महात्मा बुद्ध के समय यह वत्स प्रदेश की राजधानी थी और उत्तर भारत के प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में इसकी ख्याति दूर दूर तक फ़ैल चुकी थी।
भौगोलिक स्थिति :-
कौशाम्बी उत्तर प्रदेश राज्य के कौशाम्बी जनपद में स्थित एक नगर है जो पूर्व में इलाहाबाद जनपद में  स्थित रह चुका है किन्तु पृथक जनपद घोषित होने के पश्चात यह कौशाम्बी में आ गया । यह नगर इलाहाबाद नगर से ६० किलोमीटर  की दूरी पर स्थित है तथा दोनों जनपदों की सीमाएं मिली हुई हैं।यह इलाहाबाद-कानपूर -दिल्ली रेलमार्ग पर स्थित है। कौशाम्बी सड़कमार्ग द्वारा भी प्रदेश के प्रमुख नगरों से जुड़ा हुआ है। यहां का निकटतम हवाई अड्डा इलाहाबाद स्थित बमरौली है जो कौशाम्बी से ५५ किलोमीटर दूर है। 
ऐतिहासिक साक्ष्य :-
जैन ग्रन्थों में कौशाम्बी का उल्लेख छठें तीर्थंकर पदमप्रभ की जन्मभूमि के रूप में प्राप्त होता है। कौशाम्बी की खुदाई में उनकी एक कमलासीन प्रतिमा प्राप्त हुई थी जो पदमप्रभ के जैन मन्दिर के सन्निकट मिली थी। कौशाम्बी के निकट भपोसा नामक स्थान से प्राप्त अभिलेखों से यह विदित होता है कि ईसा से पूर्व यहां जैन धर्म का प्रचार -प्रसार हो चुका था। महात्मा बुद्ध ने अपने ज्ञान प्राप्ति के छठवें एवम नवें वर्ष में यहां का भ्रमण किया था। उस समय महाराजा उदयन  यहां के प्रसिद्ध राजा थे। यहां के उत्खनन से प्राप्त सभी सामग्री इलाहाबाद विश्व विद्यालय के प्राचीन इतिहास विभाग के संरक्षण में वहीं पर सुरक्षित रखवा दी गयीं है। कौशाम्बी के शासक सतानिक और महारानी मृगावती भगवान महावीर के परमभक्त थे। सतानिक के पुत्र उदयन भी जैन धर्म  समर्थक था। जैन धर्म जब कौशाम्बी में अपने उत्कर्ष पर था तब भी यह भारत का प्रमुख व्यापारिक केंद्र माना जाता रहा है। महात्मा बुद्ध के समय में भी कौशाम्बी की यही स्थिति देखने को मिलती है।         

No comments:

Post a Comment